मौसम अपडेट: उत्तराखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। 29 अप्रैल से 4 मई तक प्रदेशभर में बारिश, आंधी और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि इसके बाद तापमान में दोबारा बढ़ोतरी की संभावना भी जताई गई है।
29-30 अप्रैल को प्रदेशभर में बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 29 और 30 अप्रैल को उत्तराखंड के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिलेगी। 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
इन दो दिनों के दौरान कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
1-2 मई को आंशिक राहत, फिर 3-4 मई को मौसम सक्रिय
1 और 2 मई को मौसम में कुछ राहत देखने को मिल सकती है। पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।
इसके बाद 3 और 4 मई को एक बार फिर मौसम सक्रिय होने के आसार हैं।
Uttarakhand के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
देहरादून में 3.2 डिग्री लुढ़का पारा
राजधानी Dehradun में मंगलवार को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली। ठंडी हवाओं, बूंदाबांदी और बादल छाए रहने से तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
रविवार को जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच गया था और सोमवार को 37.9 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं मंगलवार को यह घटकर 34.7 डिग्री रह गया। दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं और देर शाम तक बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना रहा।
मसूरी में भी बदला मौसम
Mussoorie में भी मंगलवार को मौसम खुशनुमा रहा। सुबह से शाम तक बादल छाए रहे और हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलीं। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को गर्मी से राहत मिली।
पंजाब और दिल्ली से घूमने आए पर्यटकों ने बताया कि 27 अप्रैल को मसूरी पहुंचने पर यहां काफी गर्मी थी, लेकिन मंगलवार को ठंडी हवाओं और बादलों के कारण मौसम में स्पष्ट बदलाव महसूस हुआ।
