उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के ग्राम गौरसाली में एक आवासीय भवन में लगी भीषण आग पर SDRF की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही SDRF टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 को चौकी भटवाड़ी से ग्राम गौरसाली में एक मकान में आग लगने की सूचना SDRF को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक गब्बर सिंह के नेतृत्व में SDRF टीम मौके पर पहुंची। वहां ग्रामीण पहले से आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे।
SDRF टीम ने स्थानीय ग्रामीणों, फायर सर्विस और पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त राहत एवं अग्निशमन अभियान चलाया। टीम की तत्परता से आग पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया और उसे आसपास के अन्य मकानों तक फैलने से रोक दिया गया।
हालांकि इस अग्निकांड में एक गाय और एक बछड़ा पूरी तरह जल गए। आग से प्रभावित मकान ग्राम गौरसाली निवासी देवेंद्र सिंह रावत पुत्र तारा चंद्र रावत का बताया गया है।
SDRF की त्वरित कार्रवाई और विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
