देहरादून।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बृहस्पतिवार को तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंचेंगे। अध्यक्ष पद संभालने के बाद यह उनका पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसे लेकर प्रदेश संगठन और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। पार्टी ने स्वागत से लेकर संगठनात्मक बैठकों तक की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
*भव्य स्वागत की तैयारी, 25 जगह होंगे कार्यक्रम*
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज शाम 4:35 बजे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक उनके स्वागत के लिए 25 स्थानों पर विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं। युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की कार्यकर्ता ढोल-दमाऊं और पारंपरिक वेशभूषा में पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन करेंगी।
*पहले दिन कोर कमेटी और मंत्रियों के साथ बैठक*
देहरादून पहुंचते ही नितिन नवीन सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे। शाम 6:15 बजे वे प्रदेश कोर कमेटी की बैठक लेंगे, जिसमें 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन होगा। इसके बाद देर शाम प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल के साथ उनकी महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है।
*शुक्रवार का कार्यक्रम: CM से मुलाकात, खंडूड़ी को श्रद्धांजलि*
शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के वसंत विहार स्थित आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे और शोकाकुल परिवार से भेंट करेंगे।
दोपहर में राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल में मैराथन बैठकों का दौर चलेगा:
– *सुबह 11:00 बजे*: सभी सांसदों और विधायकों के साथ बैठक
– *दोपहर 2:00 बजे*: प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री, जिला प्रभारी, सह प्रभारी व जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक समीक्षा
– *शाम 4:00 बजे*: महापौर, नगर पालिका/पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुखों के साथ संवाद
– *इसके बाद*: मीडिया, सोशल मीडिया, IT सेल और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ बैठक
शाम को नितिन नवीन ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन जाएंगे, जहां वे मां गंगा की आरती में शामिल होंगे और संत समाज से आशीर्वाद लेंगे।
*अंतिम दिन: टपकेश्वर में दर्शन, बूथ पर जलपान, युवा संवाद*
शनिवार को दौरे के आखिरी दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद गढ़ी कैंट स्थित बूथ संख्या 141 के अध्यक्ष के आवास पर जलपान करेंगे और बूथ समिति 138, दुर्गामल्ल मंडल की बैठक लेंगे।
सुबह 11 बजे वे सिंघनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित यूथ कॉन्क्लेव को संबोधित करेंगे। दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
तीन दिवसीय व्यस्त कार्यक्रम के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार शाम 4:35 बजे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
*क्यों अहम है यह दौरा?*
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और सरकार-संगठन में बेहतर तालमेल बनाने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
