उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले स्थित निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में बुधवार-गुरुवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। टनल के भीतर कंक्रीट लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिरने से उसकी चपेट में आए एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और संबंधित एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।

जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के प्रभारी शार्दूल गुसांई ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब दो बजे हुआ। बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) घटना की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर रहा है। आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के कारणों की पुष्टि की जाएगी।

2023 के रेस्क्यू अभियान की फिर ताजा हुई याद

इस हादसे के बाद नवंबर 2023 का सिल्क्यारा टनल हादसा एक बार फिर चर्चा में आ गया। 12 नवंबर 2023 को निर्माणाधीन सिल्क्यारा-बड़कोट सुरंग का एक हिस्सा ढह जाने से 41 मजदूर सुरंग के भीतर फंस गए थे। करीब 17 दिनों तक चले देश के सबसे चुनौतीपूर्ण बचाव अभियानों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, बीआरओ और एनएचआईडीसीएल समेत कई एजेंसियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया था।

बचाव अभियान के दौरान विदेशी तकनीक और अमेरिकी ऑगर मशीन का भी इस्तेमाल किया गया था। मशीन खराब होने के बाद रैट-होल माइनर्स ने हाथों से खुदाई कर मजदूरों तक रास्ता बनाया। आखिरकार 28 नवंबर 2023 को सभी 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इस अभियान की देश-विदेश में सराहना हुई थी और इसे भारत के सबसे कठिन रेस्क्यू अभियानों में शामिल किया गया।

ताजा हादसे के बाद एक बार फिर निर्माणाधीन सुरंगों में सुरक्षा मानकों और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।

Spread the love
error: Content is protected !!