देहरादून: राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि बीएसएफ का एक जवान कथित रूप से जहर खाने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने बीएसएफ जवान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी तब मिली जब आरोपी जवान की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति ने फोन कर अपनी लोकेशन भेजी और बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है तथा स्वयं भी जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मियांवाला चौक स्थित एक होमस्टे पहुंची।
मौके पर एक कमरे में 38 वर्षीय बीएसएफ जवान, निवासी मोहब्बेवाला (क्लेमेंटाउन), अचेत अवस्था में मिला, जबकि 40 वर्षीय महिला, निवासी गूलरघाटी (नकरौंदा), मृत पाई गई। पुलिस ने जवान को पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में दून अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। पुलिस के अनुसार, छुट्टी पर घर आया बीएसएफ जवान पिछले दो दिनों से महिला के साथ उक्त होमस्टे में ठहरा हुआ था।
मृतका के पति ने डोईवाला कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी और आरोपी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। इसी विवाद के चलते आरोपी ने महिला को जहर देकर उसकी हत्या कर दी और बाद में खुद भी जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतका के पति की शिकायत के आधार पर आरोपी बीएसएफ जवान के खिलाफ डोईवाला कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
