विकासनगर: कोतवाली विकासनगर पुलिस ने वाहन चोरी और मोबाइल छिनैती की तीन अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो स्कूटी और एक रेडमी मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी मोहित त्यागी पूर्व में पोक्सो एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार 4 मई को नगर पालिका विकासनगर से एक स्कूटी चोरी होने, 18 मई को कैनाल रोड से दूसरी स्कूटी चोरी होने और एक महिला से मोबाइल फोन छीनने की शिकायतें दर्ज हुई थीं। तीनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और पुराने अपराधियों के सत्यापन के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 19 मई की रात सोनिया बस्ती विकासनगर से मोहित त्यागी पुत्र सुभाष चन्द त्यागी निवासी रामबाग हरबर्टपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह वर्ष 2018 में पोक्सो एक्ट में जेल गया था। मार्च से अप्रैल 2026 तक पैरोल पर घर आने के दौरान उसने नगर पालिका गेट के पास से पहली स्कूटी चोरी की थी, जिसे ग्राहक न मिलने पर चाय बागान में छिपा दिया था। बाद में 8 मई को जेल से बाहर आने के बाद उसने 17 मई को दूसरी स्कूटी चोरी कर एक महिला से मोबाइल फोन छीन लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए कार्रवाई की है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी पोक्सो और गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पूरे मामले के खुलासे में कोतवाली विकासनगर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Spread the love
error: Content is protected !!