देहरादून। कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एटीएस कॉलोनी में विवादों से घिरे बिल्डर पुनीत अग्रवाल को गुंडा एक्ट के तहत 6 माह के लिए जिला बदर कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट सविन बंसल ने उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड गुंडा नियंत्रण अधिनियम-1970 की धारा 3(3) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए आरोपी को “गुंडा” घोषित किया है। प्रशासन का कहना है कि आरोपी की गतिविधियों से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था।
मामले की शुरुआत 25 अप्रैल 2026 को एटीएस कॉलोनी निवासी एवं डीआरडीओ वैज्ञानिक हेम शिखा समेत अन्य लोगों द्वारा जिला मजिस्ट्रेट को दिए गए शिकायती पत्र से हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 13 अप्रैल को बिल्डर पुनीत अग्रवाल ने डीआरडीओ में तैनात वैज्ञानिक अनिरुद्ध शर्मा और उनके परिवार के साथ मारपीट की। इस हमले में वैज्ञानिक का कान का पर्दा फट गया था। महिलाओं और बुजुर्गों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज के भी आरोप लगाए गए।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी मसूरी से गोपनीय जांच कराई। जांच रिपोर्ट में स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी का व्यवहार लगातार भय का वातावरण बना रहा था। थाना रायपुर में दर्ज एफआईआर, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और स्थानीय निवासियों की शिकायतों को कोर्ट ने गंभीरता से लिया। डीआरडीओ के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं निदेशक मनोज कुमार ढाका ने भी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दी थी।
जिला प्रशासन के अनुसार आरोपी बिल्डर के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दीपावली के दौरान नाबालिग बच्चों पर पिस्टल लहराने के मामले में जिला मजिस्ट्रेट पहले ही उसका शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर चुके हैं। इसके अलावा आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से मारपीट, बच्चों को धमकाने, गाली-गलौज, जनरल बॉडी मीटिंग में अभद्र व्यवहार, झूठे मुकदमों में फंसाने और जमीन कब्जाने जैसे आरोप भी सामने आए हैं।
पुनीत अग्रवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(2), 352, 74, 126(2), 324(4) और 447 समेत विभिन्न धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने आदेश दिया है कि आरोपी अगले छह माह तक देहरादून जनपद की सीमा में बिना अनुमति प्रवेश नहीं करेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर कठोर कारावास और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। थाना रायपुर पुलिस को आरोपी को 24 घंटे के भीतर जिला सीमा से बाहर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट सविन बंसल ने साफ कहा है कि महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई करेगा। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर एटीएस कॉलोनी समेत शहर में चर्चा है और आम लोगों ने इसे कानून व्यवस्था के लिए बड़ा संदेश बताया है।
