देहरादून। राजधानी में छह नवंबर को परेड ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा, पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड और धनतेरस पर्व को देखते हुए यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। कार्यक्रमों के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा। परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन के आसपास जीरो जोन लागू किया जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन से सफर करने की अपील की है।

परेड ग्राउंड के आसपास रहेगा जीरो जोन

 

जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा होते हुए लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहन एमकेपी से होकर गुजरेंगे।

 

आराघर चौक से ईसी रोड जाने वाले वाहनों को सीएमआई चौक, एमकेपी चौक और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की ओर भेजा जाएगा।

 

जनसभा में आने वाली बसों के लिए अलग रूट

 

हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, द्वारका स्टोर और सर्वे चौक होते हुए रोजगार तिराहे तक पहुंचेंगी। यहां पानी की टंकी के पास यात्रियों को उतारने के बाद बसें सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।

 

रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी से आने वाली बसें पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक और लैंसडाउन चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद बसें बन्नू स्कूल में पार्क की जाएंगी।

 

सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसें सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने यात्रियों को उतारेंगी और गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्क होंगी। विकासनगर, चकराता और सहसपुर से आने वाली बसें किशननगर चौक, बिंदाल, घंटाघर और ओरिएंट चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों की पार्किंग भी गुरुद्वारा ग्राउंड में रहेगी।

 

वीआईपी और सामान्य वाहनों के लिए पार्किंग तय

 

वीआईपी वाहनों के लिए शेड पार्किंग, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और तिब्बती मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है। छोटे वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस पार्किंग और मंगला देवी इंटर कॉलेज में व्यवस्था रहेगी। बसों के लिए बन्नू स्कूल ग्राउंड, गुरुद्वारा ग्राउंड और गुरु नानक ग्राउंड रेसकोर्स में पार्किंग तय की गई है।

 

पुलिस लाइन के आसपास भी लागू रहेगा जीरो जोन

 

पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहा से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। नेगी तिराहा से बन्नू स्कूल जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, बन्नू चौक से नेगी तिराहा जाने वाले वाहन गुरुनानक चौक और सूरी चौक होते हुए गुजरेंगे।

 

वीआईपी वाहनों की पार्किंग पुलिस लाइन शहीद स्मारक ग्राउंड, प्रशासनिक भवन और एमटी सेक्शन ग्राउंड में होगी। सामान्य वाहनों के लिए गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स निर्धारित किया गया है।

 

धनतेरस पर बाजारों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था

 

धनतेरस पर बाजारों में भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों के लिए पार्किंग स्थल तय किए हैं। धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र में वाहन पार्क कर सकेंगे। नेहरू कॉलोनी आने वाले लोगों के लिए जीएसटी ऑफिस के दोनों ओर लिंक रोड पर पार्किंग रहेगी। रिस्पना क्षेत्र में खरीदारी करने वाले लोग राजीव नगर में विधानसभा तिराहे के पास सड़क किनारे वाहन खड़े कर सकेंगे।

 

प्रेमनगर बाजार आने वालों के लिए दशहरा ग्राउंड और रायपुर शिव मंदिर बाजार आने वालों के लिए मालदेवता रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

 

अलग-अलग क्षेत्रों से आने वालों के लिए पार्किंग स्थल

 

सहस्रधारा, रायपुर, राजपुर और डालनवाला क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए सर्वे चौक के पास, काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीस्टोरेज पार्किंग और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में पार्किंग रहेगी।

चकराता रोड और जीएमएस रोड से आने वाले वाहन जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड में पार्क किए जा सकेंगे। ईसी रोड, रिस्पना पुल और धर्मपुर क्षेत्र से आने वालों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में व्यवस्था रहेगी।

सहारनपुर चौक और पटेलनगर क्षेत्र से आने वाले वाहन पुराने बस अड्डे, पुलिस कार्यालय और नगर निगम परिसर में पार्क किए जा सकेंगे। पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में पार्किंग निर्धारित की गई है।

यातायात पुलिस के अनुसार, रेंजर्स ग्राउंड, सीएनआई स्कूल, नगर निगम, पुलिस कार्यालय और गांधी इंटर कॉलेज में पार्किंग दोपहर तीन बजे से उपलब्ध होगी।

Spread the love
error: Content is protected !!