देहरादून : उत्तराखंड में इस सप्ताह मानसून के और सक्रिय होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 8 जिलों में गरज के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट लागू किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश हो सकती है। हरिद्वार में बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और बोल्डर गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
दून में उमस और शाम को बारिश
रविवार को देहरादून में दिनभर धूप और उमस के कारण गर्मी रही। अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक था। हालांकि शाम होते-होते शहर के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई और मौसम सुहावना हो गया।
चमियाला बाजार में पहाड़ से गिरे बोल्डर, दुकानों को नुकसान
भिलंगना क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शनिवार देर रात चमियाला बाजार के ऊपर स्थित पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिर गए। इसकी चपेट में आकर पूर्व सभासद शिवेंद्र रतूड़ी की दुकान की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास की कई दुकानों के शटर भी टूट गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजार बंद होने की वजह से बड़ा हादसा टल गया। व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। लोगों का कहना है कि लगातार बारिश से पहाड़ियां कमजोर हो गई हैं और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
हरिद्वार में बढ़ी गर्मी, पारा 3.6 डिग्री चढ़ा
धर्मनगरी हरिद्वार में रविवार को लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान रहे। दिन में तेज धूप और शाम तक गर्मी का असर बना रहा।
आईटी कृषि मौसम वेधशाला के मुताबिक हरिद्वार में रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार की तुलना में अधिकतम तापमान 3.6 डिग्री बढ़ गया।
प्रशासन की अपील
मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के किनारे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाएं। पहाड़ी रास्तों पर सफर करने से पहले मौसम का अपडेट जरूर लें।
