उत्तराखंड मौसम अपडेट: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। प्रदेश में अधिकतम तापमान में गिरावट शुरू हो गई है और मंगलवार से गर्मी से और राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान है।
मैदानी इलाकों में भी असर
अन्य पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि मैदानी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।
हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट
बीते 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया, जबकि पहाड़ों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा।
देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो सोमवार को घटकर 37.9 डिग्री सेल्सियस रह गया। आने वाले दिनों में प्रदेशभर में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
देहरादून का पूर्वानुमान
28 अप्रैल को राजधानी देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। यहां बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार तीन मई तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
