ऋषिकेश और देहरादून के बीच दो बसों और एक कार की आपस में टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और वाहनों के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों और बसों में सवार यात्रियों के अनुसार, दुर्घटना की शुरुआत हरियाणा नंबर (HR) की कार से हुई

बताया जा रहा है कि कार चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे कार बेकाबू होकर सामने से आ रही बस से जा टकराई।

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे से आ रही दूसरी बस भी इन वाहनों से भिड़ गई। इस दौरान कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों बसों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा सात मोड़ के पास हुआ।

60 यात्रियों की बची जान, मची अफरा-तफरी

 

प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश, कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि दोनों बसों में करीब 30-30 सवारियां मौजूद थीं। गनीमत यह रही कि इतनी भीषण टक्कर के बावजूद किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और सभी सुरक्षित हैं। हादसे के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल था; कई लोग सदमे में सड़क किनारे बैठे नजर आए।

 

हाईवे पर लगा लंबा जाम

 

हादसे का शिकार हुई एक बस कर्णप्रयाग (चमोली) जा रही थी। सुबह-सुबह हुए इस एक्सीडेंट के कारण ऋषिकेश-देहरादून हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया।

 

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या हादसा केवल ड्राइवर की झपकी के कारण हुआ या इसके पीछे कोई तकनीकी खराबी भी थी।

 

Spread the love
error: Content is protected !!