विकासनगर, देहरादून। कोतवाली विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत ढकरानी स्थित शक्ति नहर में एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस को आज 13 मई 2026 को इंटेक्स ढकरानी की ओर से सूचना प्राप्त हुई कि शक्ति नहर में एक महिला का शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही थाना विकासनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला।

प्रारंभ में शव की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया। बाद में मृतका की पहचान रंजना देवी पत्नी श्रवण कुमार निवासी न्यू यमुना कॉलोनी, वाल्मीकि मंदिर के पास डाकपत्थर, थाना विकासनगर, जिला देहरादून के रूप में हुई। पहचान मृतका के पति द्वारा की गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रंजना देवी 12 मई की रात करीब 10:30 बजे खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थीं। सुबह जब उनके पति उन्हें जगाने पहुंचे तो वह कमरे में नहीं थीं। इसके बाद परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि दंपति की अपनी कोई संतान नहीं थी तथा उन्होंने ढाई साल की एक बच्ची को गोद लिया हुआ है। घर में पति-पत्नी के अलावा कोई अन्य सदस्य नहीं रहता था। मृतका के पति डाकपत्थर में साइकिल वर्कशॉप चलाते हैं, जबकि रंजना देवी गृहिणी थीं। परिजनों के अनुसार मृतका मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और उनका उपचार भी चल रहा था।

पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Spread the love
error: Content is protected !!