देहरादून। डीएवी (पीजी) कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान मंच से कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह मुकदमा छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर के आधार पर दर्ज किया गया है।

क्या है मामला

तहरीर में बताया गया है कि 11 अप्रैल को डीएवी (पीजी) कॉलेज, देहरादून में छात्रसंघ समारोह के दौरान गायक को आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सार्वजनिक मंच से सैकड़ों छात्र-छात्राओं और अन्य उपस्थित लोगों के सामने आपत्तिजनक व अश्लील शब्दों का प्रयोग किया।

शिकायतकर्ता के अनुसार घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे प्रदेश और देशभर में आक्रोश की स्थिति बनी है। यह कार्यक्रम कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ, जो एक सार्वजनिक स्थान की श्रेणी में आता है।

इन धाराओं में मुकदमा

एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की

धारा 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य/गीत)

धारा 352 (जानबूझकर अपमान कर शांति भंग करने के लिए उकसाना)

के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आंदोलन की चेतावनी

शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों के साथ थाना घेराव और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर आक्रोश

कार्यक्रम का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। देहरादून समेत उत्तराखंड और अन्य राज्यों में भी इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love
error: Content is protected !!