बायोमेट्रिक सत्यापन में खुला पहचान का खेल, नौकरी पाने वाला अभ्यर्थी फरार

ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में CRE-3 भर्ती प्रक्रिया के दौरान फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। वायरमैन पद पर भर्ती के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान पहचान में गड़बड़ी पकड़ी गई। जांच में सामने आया कि परीक्षा में शामिल होने वाला व्यक्ति और एम्स में नियुक्त होकर कार्यभार ग्रहण करने वाला अभ्यर्थी अलग-अलग हैं। मामले में पुलिस ने दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने और बायोमेट्रिक सत्यापन कराने के आरोप में अशोक कुमार मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एम्स में कार्यभार ग्रहण करने वाला विकास कुमार मीणा फरार है।

पुलिस के अनुसार, 17 अक्तूबर 2026 को एम्स ऋषिकेश में CRE-3 भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा था। इस दौरान वायरमैन पद के अभ्यर्थी विकास कुमार मीणा की पहचान पर संदेह हुआ। मूल अभिलेखों और पहचान पत्रों का मिलान करने पर परीक्षा में शामिल होने वाले व्यक्ति और एम्स में नियुक्त होकर कार्यभार ग्रहण करने वाले व्यक्ति के फोटो में अंतर मिला। हालांकि, दोनों के दस्तावेजों में विवरण समान थे।

 

एम्स प्रशासन की शिकायत पर मुकदमा

 

मामले में एम्स के सहायक प्रशासनिक अधिकारी विक्रम सिंह ने पुलिस चौकी एम्स ऋषिकेश में लिखित शिकायत दी। शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

 

न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन और जांच के बाद पुलिस ने बायोमेट्रिक सत्यापन कराने पहुंचे अशोक कुमार मीणा (40) पुत्र स्वर्गीय रामकरण मीणा, निवासी जटाली ढाणी, काली पहाड़ी, दौसा (राजस्थान) को 18 अक्तूबर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार देहरादून भेज दिया गया।

 

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

 

पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल विकास कुमार मीणा पुत्र धनफूल मीणा निवासी जटाली ढाणी, काली पहाड़ी, दौसा (राजस्थान) ने एम्स में कार्यभार ग्रहण किया था। घटना सामने आने के बाद से वह फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। पुलिस मामले में प्रतिरूपण, दस्तावेजों में हेरफेर और अन्य व्यक्तियों की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Spread the love
error: Content is protected !!