उत्तराखंड मौसम अपडेट। मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड में बृहस्पतिवार को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है, जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विभाग ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में आंधी-तूफान के साथ बिजली चमकने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक से दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड में इजाफा होगा।
देहरादून में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और देर शाम बूंदाबांदी हुई। बृहस्पतिवार को भी आसमान बादलों से घिरा रहेगा और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दून में अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
