उत्तराखंड मौसम अपडेट : पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते 7 मार्च से उत्तराखंड के मौसम में बदलाव होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश में 12 मार्च तक देखने को मिल सकता है।
पूर्वानुमान के मुताबिक 7 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। वहीं 4000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसी तरह 8 मार्च को भी उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि 8 मार्च को पर्वतीय जिलों के 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होने के आसार हैं। इसके बाद 9 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। साथ ही इन जिलों के 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 12 मार्च तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। बीते 24 घंटों में बादल छाए रहने के कारण कई क्षेत्रों में मॉइश्चर फ्लो की स्थिति बनी हुई है, जिससे पहाड़ी जिलों में तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में उत्तराखंड का तापमान और नीचे जाने की संभावना भी जताई गई है।
