देहरादून। उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने के दावों के बीच उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन के 1912 शिकायत कॉल सेंटर में बड़ी लापरवाही सामने आई है।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने पिथौरागढ़ दौरे से लौटते हुए देर रात 12 बजे अधिशासी निदेशक तकनीकी संजय टम्टा और सहायक अभियंता बबलू सिंह के साथ 1912 कॉल सेंटर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अनुबंधित कंपनी आईलीड्स के केंद्र में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। कुल 20 कर्मचारियों के सापेक्ष केवल 13 कर्मचारी ही ड्यूटी पर मौजूद मिले, जबकि 7 कर्मचारी अनुपस्थित थे।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उपस्थिति पंजिका में सभी 20 कर्मचारियों के हस्ताक्षर दर्ज थे। जब सुपरवाइजर हितेश से अनुपस्थित कर्मचारियों के बारे में पूछा गया तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का सही अंकन और समय पर निस्तारण भी नहीं किया जा रहा था।
एमडी ने नाराजगी जताते हुए कंपनी के हेड आशीष चौधरी को समस्त रिकॉर्ड के साथ अगले दिन यूपीसीएल मुख्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
एमडी ने कहा कि उपभोक्ता सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
