उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के बाद मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के सात जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक, ओलावृष्टि और बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चम्पावत जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
गुरुवार शाम अचानक बदला मौसम
गुरुवार शाम देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर तेज धूप और गर्मी के बाद शाम को घने बादल छा गए और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन शाम की बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।
मसूरी में बारिश से बढ़ी ठंडक
पर्यटन नगरी मसूरी में भी शाम के समय हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट आई। माल रोड पर घूम रहे पर्यटकों को बारिश से बचने के लिए दुकानों और होटलों का सहारा लेना पड़ा।
आपदा कंट्रोल रूम के नंबर जारी
संभावित आपदाओं और आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया है। नागरिक 9286459167 और 9286477117 नंबरों पर संपर्क कर सूचना दे सकते हैं।
