देहरादून। देहरादून के ओल्ड सर्वे रोड पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार इनोवा कार ने सड़क पर चल रहे करीब पांच लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, जाखन की ओर से आ रही इनोवा कार को गुनीत सिंह चला रहा था। ओल्ड सर्वे रोड पर अचानक वाहन की रफ्तार बढ़ गई और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे सड़क पर मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में बाइक सवार रोहित फिलिप और उनका बेटा अनूप फिलिप गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान रोहित फिलिप ने दम तोड़ दिया, जबकि अनूप का उपचार जारी है।
इसके अलावा एक अन्य गंभीर घायल को पहले दून अस्पताल लाया गया, बाद में हालत नाजुक होने पर उसे वैश्य नर्सिंग होम रेफर किया गया। एक अन्य घायल को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन देर रात तक उसकी पहचान नहीं हो पाई थी।
हादसे के बाद अनियंत्रित इनोवा कार सड़क किनारे एक मकान में जा घुसी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक गुनीत सिंह को हिरासत में ले लिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपी का शहर के क्रॉस मॉल में शोरूम बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
