हल्द्वानी। हल्द्वानी में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। शहर की सड़कों पर मनचलों ने करीब 20 मिनट तक युवती का पीछा कर दहशत फैलाई, छेड़छाड़ की और उसे घर छोड़ने आए युवक के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता, जो रामपुर रोड क्षेत्र की निवासी है, ने बताया कि 16 मार्च को वह राजपुरा इलाके में अपनी सहेली के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गई थी। रात करीब 10 बजे सहेली का भाई उसे बाइक से घर छोड़ने निकला। जैसे ही वे रोडवेज स्टेशन के पास स्टेडियम वाली गली में पहुंचे, बुलेट सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि दोनों युवक बुलेट पर सायरन बजाते हुए उनका पीछा करते रहे और जेल चौराहे के पास उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक अड़ाकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद उन्होंने बाइक चला रहे युवक के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। वहीं, युवती के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की गई।

पीड़िता के अनुसार आरोपी लगातार उनका पीछा करते रहे और रामपुर रोड स्थित समता आश्रम गली तक उनका पीछा किया। इस दौरान पीड़ित पक्ष कई बार हादसे का शिकार होते-होते बचा। अंततः उन्होंने एक सुनसान स्थान पर वाहन रोककर खुद को बचाया और आसपास मौजूद लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। हालांकि, मामला उस समय चर्चा में आया जब घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

शहर कोतवाल के अनुसार, पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर छेड़छाड़, मारपीट और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में अजय फर्त्याल और अजय थापा नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त बुलेट बाइक को भी कब्जे में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि एक आरोपी बाजपुर के एक स्कूल में कार्यरत है।

इस मामले पर डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़कों पर इस तरह की अभद्रता और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।

Spread the love
error: Content is protected !!