चंद्रग्रहण । साल का पहला चंद्रग्रहण आज मंगलवार को लग रहा है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह चंद्रग्रहण सिंह राशि और मघा नक्षत्र में होगा। ग्रहण के चलते सुबह से ही मंदिरों के कपाट बंद रखे जाएंगे और सूतक काल प्रभावी रहेगा।
ज्योतिषीय गणना के मुताबिक चंद्रग्रहण दोपहर 3:27 बजे शुरू होगा और शाम 6:57 बजे समाप्त होगा। चंद्रग्रहण से नौ घंटे पहले सूतक काल लग जाता है, ऐसे में सुबह 6:27 बजे से ही सूतक प्रारंभ हो जाएगा।
आचार्य डॉ. सुशांत राज ने बताया कि फाल्गुन माह की पूर्णिमा तिथि पर यह वर्ष का पहला चंद्रग्रहण पड़ रहा है। सूतक काल के दौरान पूजा-पाठ, हवन, मंत्र जाप और अन्य मांगलिक कार्य वर्जित माने जाते हैं।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह पूर्ण चंद्रग्रहण होगा, जिसके दौरान चंद्रमा लाल रंग का दिखाई देगा। इसी कारण इसे आम भाषा में “ब्लड मून” भी कहा जाता है।
ग्रहण को देखते हुए सोमवार को ही कई मंदिरों में सूचना संबंधी पोस्टर चस्पा कर दिए गए थे। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सूतक काल और ग्रहण के नियमों का पालन करें।
