एसटीएफ और किच्छा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 7 किलो 50 ग्राम अवैध अफीम बरामद

देहरादून/किच्छा। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने किच्छा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के बड़े मामले का खुलासा किया है। टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 किलो 50 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। बरामद अफीम की अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी झारखंड से अफीम खरीदकर उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे।

 

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने कोतवाली किच्छा पुलिस के साथ मिलकर ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में अफीम बरामद की।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खलीक अहमद निवासी आरिफपुर नवादा, थाना सिविल लाइन, बदायूं (उत्तर प्रदेश) और जीतेन्द्र निवासी शांति बिहार, हंस पब्लिक स्कूल के पास, थाना सुभाष नगर, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

 

तस्करी के नेटवर्क को खंगाल रही एसटीएफ

 

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अफीम झारखंड से खरीदकर लाने और उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना की जानकारी दी है। एसटीएफ अब अफीम की आपूर्ति के स्रोत, तस्करी के नेटवर्क और आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

 

कार्रवाई में एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट से निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल गोविंद बिष्ट और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं, किच्छा पुलिस की टीम में निरीक्षक रवि सैनी, उपनिरीक्षक पवन जोशी और आरक्षी दीपक कुमार शामिल रहे।

 

एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love
error: Content is protected !!