देहरादून। मानसून से पहले रिस्पना नदी के पुनरुद्धार और सफाई को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, महापौर सौरभ थपलियाल और मुख्य नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने राजीव नगर क्षेत्र में चल रहे सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून से पूर्व रिस्पना नदी की व्यापक सफाई सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि वर्षाकाल में जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और नदी संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिल सके। उन्होंने स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर सफाई अभियान की प्रगति, गुणवत्ता और गति का जायजा लिया।
नगर निगम द्वारा मार्च माह से विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक करीब 17 हजार मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण किया जा चुका है। निगम की ओर से बिंदाल नदी के लगभग 8 किलोमीटर और रिस्पना नदी के लगभग 12 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा शहर के अन्य नदी-नालों और जलधाराओं में भी नियमित सफाई अभियान जारी है।
रिस्पना नदी की सफाई के लिए नगर निगम ने 12 जेसीबी मशीनें और 15 डंपर लगाए हैं। इनके माध्यम से नदी क्षेत्र से कूड़ा, मलबा और अन्य अवरोध हटाए जा रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य नदी को अतिक्रमण और प्रदूषण से मुक्त कर उसका पुनर्जीवन करना है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि नमामि गंगे और जिला स्वच्छता समिति के माध्यम से नदी संरक्षण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके तहत नदी किनारे कूड़ा डंपिंग वाले स्थलों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर साफ किया जाएगा। साथ ही, नदी में गिरने वाले बिना उपचारित नालों के पानी के उपचार की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रिस्पना नदी के पुनरुद्धार के लिए दीर्घकालिक और व्यवहारिक योजना बनाकर चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। जिला प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से नदी संरक्षण और पुनर्जीवन के लक्ष्य को हासिल किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एसएनएस राजवीर सिंह, तनवीर सिंह सहित नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
