बागेश्वर। उत्तराखंड बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक हासिल कर सैज, तहसील रोड निवासी गीतिका पंत ने पूरे प्रदेश में संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। सीमित संसाधनों के बीच पली-बढ़ी गीतिका की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है।

सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, चौरासी की छात्रा गीतिका शुरू से ही मेधावी रही हैं। इससे पहले उन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर का खिताब भी अपने नाम किया था।
गीतिका के पिता चंद्रशेखर पंत टैक्सी चालक हैं, जबकि माता रितिका पंत गृहिणी हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद परिवार ने उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। परिवार और शिक्षकों के सहयोग से गीतिका ने लगातार मेहनत करते हुए यह मुकाम हासिल किया।
अपनी सफलता का श्रेय गीतिका ने अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनका कहना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और ईमानदारी से मेहनत की जाए, तो कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।
गीतिका का सपना इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना है। उनकी सफलता ने न केवल बागेश्वर बल्कि पूरे उत्तराखंड में बेटियों के हौसले को नई उड़ान दी है।
