लक्सर। चरखी गोदाम में बुजुर्ग समेत दो लोगों को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने और करीब 120 किलोग्राम पीतलनुमा धातु व मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले का लक्सर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी के माल को बेचकर खरीदी गई TVS Apache मोटरसाइकिल, करीब 25 किलोग्राम पीतलनुमा धातु के टुकड़े व पाइप तथा 1,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी और चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार धमरौला, नूरपुर बिजनौर निवासी अशोक कुमार ने 25 अगस्त को कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात लोगों ने उन्हें और उनके साथी को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और उनकी मोटरसाइकिल के साथ करीब 120 किलोग्राम पीतल चोरी कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल इनपुट और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई।
पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर को पीपली पुल, सुल्तानपुर रोड लक्सर के पास तीन संदिग्धों को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विनीत निवासी बागपत, टिंकू उर्फ कृष्ण निवासी मुजफ्फरनगर और रविन्द्र निवासी पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पहले की थी रैकी
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 25 अगस्त की शाम वे अपने एक अन्य साथी के साथ चरखी गोदाम पहुंचे थे। दो आरोपी बाहर रैकी कर रहे थे, जबकि एक आरोपी गोदाम के भीतर गया। आरोपियों ने पहले से कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला रखा था। इसे पहले मिस्त्री मुल्ला और बाद में अशोक मुंशी को पिलाया गया। दोनों के बेहोश होने के बाद आरोपियों ने अशोक की जेब से आलमारी की चाबियां निकालीं और आलमारी से पीतलनुमा धातु के टुकड़े व पाइप के करीब तीन कट्टे चोरी कर लिए।
आरोपियों ने अशोक की मोटरसाइकिल की चाबी भी ले ली और उसी मोटरसाइकिल से चोरी का माल लेकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार चोरी किए गए माल में से कुछ को चारों आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर करीब 25 हजार रुपये में बेच दिया। इसी रकम में से 22 हजार रुपये डाउन पेमेंट देकर सफेद रंग की TVS Apache मोटरसाइकिल खरीदी गई। पुलिस ने इस मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है।
आरोपियों के बताए अनुसार शेष करीब 25 किलोग्राम माल सीमेंट फैक्ट्री लक्सर के पास गन्ने के खेत में छिपाकर रखा गया था। इसे बेचने के लिए ले जाते समय पुलिस ने बरामद कर लिया। तलाशी में 1,500 रुपये भी मिले, जिन्हें पुलिस चोरी के माल की बिक्री से बची रकम बता रही है।
पुलिस के मुताबिक वादी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP 20 CE 0926 एक अन्य साथी के पास है। उसकी गिरफ्तारी और मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में मु0अ0सं0 965/2026 दर्ज है।
