जानिसार खान से 7 सितंबर को हुई थी मारपीट, कमरे में मृत मिला युवक; SSP के निर्देश पर रायपुर पुलिस का एक्शन

देहरादून। रायपुर क्षेत्र में युवक के साथ हुई मारपीट के छह दिन बाद उसकी मौत ने मामले को गंभीर मोड़ दे दिया। पुलिस के मुताबिक 7 सितंबर को जानिसार खान के साथ विक्कू और उसके साथियों ने मारपीट की थी, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं। तबीयत बिगड़ने के बाद 13 सितंबर की सुबह जानिसार अपने कमरे में मृत मिला।

 

मृतक के जीजा शफीक की तहरीर पर रायपुर पुलिस ने धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और पुलिस अब मौत की परिस्थितियों तथा मारपीट से उसके संबंध की जांच कर रही है।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर रायपुर पुलिस तत्काल एक्शन में आई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विकास साहनी उर्फ विक्कू (22) और सोनू साहनी (21) को लाडपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों मूल रूप से मुजफ्फरपुर, बिहार के रहने वाले हैं और वर्तमान में रायपुर क्षेत्र में रह रहे थे।

 

पुलिस दोनों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करेगी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से यह साफ होगा कि जानिसार की मौत के पीछे चोटों की क्या भूमिका रही।

Spread the love
error: Content is protected !!