रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में गुरुवार तड़के बालाजी मंदिर के पास कार सवार युवक पर अज्ञात हमलावरों द्वारा कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में टेड़ा रोड लखनपुर निवासी गोपाल सिंह अधिकारी उर्फ गोपू गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का उपचार फिलहाल काशीपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

 

घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गोपाल सिंह अधिकारी अपनी वॉक्सवैगन विंटो कार संख्या UK06 AW 7879 से बालाजी मंदिर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर उनकी कार को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने ईंट और पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

 

घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों को कार के शीशे टूटे हुए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिला। कार के अंदर और बाहर खून के निशान भी दिखाई दिए। मौके से खून से सने पत्थर और ईंटें भी मिले, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

 

सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।

 

घायल गोपू अधिकारी को पहले रामनगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें काशीपुर के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

 

इधर, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना से पहले लखनपुर चुंगी के पास गोपू अधिकारी की कुछ युवकों से बहस हुई थी। इसके बाद बालाजी मंदिर के पास हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस दावे की पुष्टि नहीं की है। कुछ लोगों की ओर से फायरिंग की बात भी कही जा रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

 

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और घटना में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

 

Spread the love
error: Content is protected !!