सहसपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद
देहरादून, कोतवाली सहसपुर पुलिस ने धारदार हथियार “पाठल” से जानलेवा हमला करने की घटना में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि बद्रीपुर क्षेत्र में कार्तिक नाम के युवक ने महेन्द्र पुत्र बहादुर सिंह निवासी बद्रीपुर पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सहसपुर एवं प्रभारी निरीक्षक सहसपुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो चुका था। घायल को तत्काल उपचार के लिए विवेकानंद अस्पताल धर्मावाला भेजा गया, जहां से उसे हायर सेंटर ग्राफिक एरा अस्पताल देहरादून रेफर किया गया।
घटना के संबंध में घायल के भाई गेन्दन सिंह की तहरीर पर आरोपी कार्तिक पुत्र रवि चौधरी निवासी बद्रीपुर के खिलाफ कोतवाली सहसपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
गठित टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए पौंटा-देहरादून हाईवे अंडरपास मेदनीपुर बद्रीपुर क्षेत्र से आरोपी कार्तिक (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका महेन्द्र से लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश के चलते उसने हमला करने की योजना बनाई थी। आरोपी ने बताया कि वह पाठल छिपाकर किराना स्टोर के पास पहुंचा और मौका मिलते ही महेन्द्र पर कई वार कर दिए।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार “पाठल” भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम
– SHO प्रदीप सिंह रावत
– वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह नेगी
– उपनिरीक्षक पंकज कुमार
– अपर उपनिरीक्षक प्रेम प्रसाद कोठारी
– कांस्टेबल त्रेपन सिंह
– कांस्टेबल सुरेश रावत
– कांस्टेबल सुनील कुमार
– कांस्टेबल सचिन कुमार
