उत्तराखंड:भिकियासैंण में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF उत्तराखंड पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्गम खाई में चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान चलाया। जानकारी के अनुसार, 07 मई 2026 की सुबह तहसीलदार भिकियासैंण द्वारा सूचना दी गई कि राफड़ क्षेत्र के पास एक वाहन गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही अपर उप निरीक्षक महिपाल सिंह के नेतृत्व में SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि Maruti Alto 800 सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त पड़ी हुई थी। क्षेत्र अत्यंत दुर्गम और ढलानयुक्त होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। SDRF जवानों ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। शुरुआती तलाशी में दो लोग अलग-अलग स्थानों पर अचेत अवस्था में मिले, जिन्हें सावधानीपूर्वक खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद विस्तृत सर्च अभियान चलाकर तीसरे व्यक्ति को भी बाहर लाया गया और सड़क तक पहुंचाया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी, कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी दौड़ाखाल, उम्र 32 वर्ष तथा आनंद राम निवासी सोनी, उम्र लगभग 40 वर्ष के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि तीनों जागरी कार्य से जुड़े थे और ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित जागर कार्यक्रम से देर रात वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
