चारधाम यात्रा के बीच रुद्रप्रयाग पुलिस हाई अलर्ट मोड पर, टेंट संचालक पर भी कार्रवाई,

रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा 2026 के बीच रुद्रप्रयाग जनपद में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रही हैं। यात्रा मार्गों और अस्थायी ठिकानों पर लगातार चल रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार सायंकाल संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया, जिसके पास से दो धारदार हथियार और दो खिलौना बंदूकें बरामद हुईं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

सीओ केदारनाथ नितिन लोहनी ने बताया कि 06 मई 2026 को पुलिस टीम द्वारा विभिन्न टेंटों, अस्थायी आवासों और संवेदनशील स्थानों पर गहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी में युवक के कब्जे से धारदार हथियार और खिलौना बंदूकें बरामद होने पर पुलिस तुरंत सतर्क हो गई।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद का निवासी है। पुलिस द्वारा उसके परिजनों से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। हालांकि, सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और युवक से लगातार पूछताछ जारी है।

बिना आईडी के ठहराया, टेंट संचालक पर कार्रवाई

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित टेंट संचालक ने युवक को बिना किसी वैध पहचान पत्र (आईडी) के अपने यहां ठहराया था। इसे सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए पुलिस ने टेंट स्वामी के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि यात्रा के दौरान नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस की जनता से अपील

सीओ केदारनाथ ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। चारधाम यात्रा के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। यदि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल 112 पर दें।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love
error: Content is protected !!