ऋषिकेश में नाबालिग से दुष्कर्म कांड: मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक गिरफ्तार, लाइसेंस रद्द करने की तैयारी

ऋषिकेश। नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। जांच में होटल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही और कथित संलिप्तता सामने आने पर होटल के मैनेजर और संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने होटल के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेज दी है।

 

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को ऋषिकेश कोतवाली में एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि 29 अगस्त को उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को मुजफ्फरनगर निवासी सोफियान बहला-फुसलाकर ऋषिकेश स्थित होटल गंगा इन में ले गया। आरोप है कि वहां उसने नाबालिग के साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने पीड़िता को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के बाद 31 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी सोफियान को हरिद्वार क्षेत्र में सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें घटना के दौरान बनाए गए पीड़िता के फोटो और वीडियो मिले हैं।

 

जांच के दौरान होटल प्रबंधन की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई। पुलिस जांच में सामने आया कि नाबालिग पीड़िता को होटल में बिना उचित पहचान और सत्यापन तथा आवश्यक रजिस्टर प्रविष्टि के प्रवेश दिया गया था। आरोप है कि घटना की जानकारी होने के बावजूद होटल प्रबंधन ने पुलिस अथवा संबंधित सहायता एजेंसी को सूचना नहीं दी।

 

पुलिस पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य भी सामने आया कि पीड़िता को होटल से बाहर ले जाने के दौरान होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और होटल संचालक राहुल अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की और जांच में उनकी संलिप्तता पाए जाने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट की अन्य धाराओं के साथ बीएनएस की धाराएं भी बढ़ाई हैं। इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी, होटल मैनेजर और होटल संचालक समेत कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

 

वहीं, पुलिस ने होटल की भूमिका को गंभीर मानते हुए सराय एक्ट के तहत होटल का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भी भेज दी है।

 

गिरफ्तार आरोपी—

 

1. सोफियान पुत्र तुफैल अहमद, निवासी ग्राम गढ़ी, थाना जानसठ, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 21 वर्ष।

2. वैभव गुप्ता पुत्र देवेंद्र गुप्ता, निवासी देहरादून रोड, ऋषिकेश, उम्र 34 वर्ष।

3. राहुल अग्रवाल पुत्र विनोद अग्रवाल, निवासी अद्वैतानंद मार्ग, ऋषिकेश, उम्र 36 वर्ष।

 

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक विकसित पंवार, उपनिरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक निखिलेश बिष्ट, महिला उपनिरीक्षक ज्योति शर्मा सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Spread the love
error: Content is protected !!