देहरादून। राजधानी में बार संचालन की समय सीमा को लेकर शनिवार देर रात एक घटनाक्रम ने प्रशासनिक हलकों में हलचल पैदा कर दी। मसूरी रोड/राजपुर रोड क्षेत्र स्थित ‘रोमियो लेन’ नामक बार में तय समय के बाद भी संचालन और शराब परोसने की शिकायत पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान वहां एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (आईजी स्तर) की मौजूदगी सामने आने से मामला चर्चा का विषय बन गया।
जानकारी के अनुसार प्रशासन द्वारा सभी बार को रात 11 बजे तक बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद शनिवार रात करीब 12:30 बजे तक संबंधित बार में पार्टी चलने, तेज संगीत बजने और शराब परोसे जाने की सूचना स्थानीय स्तर पर पुलिस को मिली। शिकायत के आधार पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस द्वारा बार बंद कराने की प्रक्रिया शुरू किए जाने के दौरान वहां एक आईजी स्तर के अधिकारी भी मौजूद थे, जो अपने परिचितों के साथ बार में आए हुए थे। वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी के कारण कुछ समय के लिए मौके पर असहज स्थिति बन गई। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक रूप से कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।
मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल देर रात करीब एक बजे स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने बार प्रबंधन को तत्काल संचालन बंद करने के निर्देश दिए और भविष्य में समय सीमा का उल्लंघन न करने की सख्त चेतावनी दी। पुलिस ने मौके पर मौजूद स्टाफ को नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
सूत्रों के अनुसार, पूरी घटना बार में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में देहरादून में देर रात बार संचालन को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। इससे पहले भी देर रात बार-पब गतिविधियों से जुड़े विवादों के बाद निगरानी बढ़ाई गई थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा का पालन कराने में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी, चाहे मामला किसी भी स्तर से जुड़ा क्यों न हो।
फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर शहर में चर्चा जारी है और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।
