देहरादून: नीट यूजी परीक्षा दोबारा आयोजित होने के बावजूद कांग्रेस ने पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरना जारी रखा है। जिला कांग्रेस कमेटी ने देहरादून में प्रेस वार्ता कर शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार, पेपर लीक मामलों और भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार युवाओं के सवालों से बच रही है, जबकि परीक्षाओं की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखना उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लाखों युवा वर्षों की मेहनत और उम्मीदों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।

युवाओं पर बढ़ रहा मानसिक दबाव

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रही देरी और अनियमितताओं के कारण युवाओं को मानसिक तनाव और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि नकल माफिया और भ्रष्टाचार के चलते सरकारी भर्ती प्रणाली पर युवाओं का भरोसा कमजोर हो रहा है।

रिया थापा मामले का भी किया जिक्र

कांग्रेस ने देहरादून की छात्रा रिया थापा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं पर बढ़ते दबाव और तनाव के गंभीर परिणाम सामने आ रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं को अब अपनी योग्यता से ज्यादा व्यवस्था की खामियों से लड़ना पड़ रहा है।

“मेहनत और प्रतिभा का मूल्य खत्म हो रहा”

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बार-बार परीक्षाओं का रद्द होना, प्रश्नपत्र लीक होना और नकल माफिया का सक्रिय रहना युवाओं के मन में यह भावना पैदा कर रहा है कि मेहनत और प्रतिभा का कोई महत्व नहीं रह गया है। इससे सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है और लाखों युवाओं का मनोबल टूट रहा है।

बीजेपी सरकार पर साधा निशाना

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने कहा कि एक ओर राज्य सरकार सख्त नकल विरोधी कानून की बात करती है, वहीं दूसरी ओर परीक्षा प्रणाली में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि “साल 2017 से अब तक बीजेपी सरकार एक भी ऐसी परीक्षा नहीं करा पाई है, जिसमें धांधली के आरोप न लगे हों। पेपर लीक मामलों में आरोपियों के खिलाफ कमजोर पैरवी के कारण कई आरोपी बच निकलते हैं, जिससे युवाओं का विश्वास टूट रहा है।”

 

कांग्रेस ने सरकार से भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने, पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई करने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Spread the love
error: Content is protected !!