देहरादून: राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। कांवली रोड पर सिद्धार्थ प्रोजेक्ट के पास ढलान पर बजरी से भरे एक बेकाबू डंपर ने करीब 40 वर्षीय राहगीर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर बल्लूपुर चौक की ओर से आ रहा था और ढलान के बावजूद उसकी रफ्तार काफी तेज थी। चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। डंपर आगे जाकर सड़क किनारे टकराकर रुक गया।
मृतक की पहचान सतेंद्र साहनी के रूप में हुई है, जिसकी पुष्टि उनके भतीजे जितेंद्र साहनी ने की।
लोगों का फूटा गुस्सा, डेढ़ घंटे जाम
घटना की सूचना फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कांवली रोड पर जाम लगा दिया। टायर और लकड़ियां जलाकर रास्ता बंद कर दिया गया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। इस दौरान कुछ लोगों ने डंपर के शीशे भी तोड़ दिए।
पुलिस मौके पर, चालक की तलाश जारी
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान समेत कई थानों की फोर्स ने स्थिति को संभाला। पुलिस ने पुष्टि की कि डंपर की चपेट में आने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हुई है और चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
