देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत अप्रैल माह की पेंशन का ‘वन क्लिक’ के माध्यम से भुगतान किया। सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में शत-प्रतिशत राज्य पोषित योजनाओं के 7,56,682 पेंशनर्स को कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि जारी की गई।

जारी की गई पेंशन में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पेंशन का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार बहुउद्देशीय कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी समाज कल्याण पेंशन से जुड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी इस तरह के कैंप नियमित रूप से आयोजित किए जाएं। साथ ही हर वर्ष 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का सर्वे कर पात्र व्यक्तियों के आवेदन और अन्य औपचारिकताएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए वार्षिक आय सीमा को व्यावहारिक बनाया जाए। पेंशन सहित विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

Spread the love
error: Content is protected !!