रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले स्थित नगरासू गुरुद्वारे में निहंग सिखों का धरना चौथे दिन भी जारी है। निहंग कर्णप्रयाग तलवारबाजी प्रकरण में गिरफ्तार साथियों की रिहाई, स्थानीय लोगों पर भी मुकदमा दर्ज करने और यात्रा मार्ग पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि जिला प्रशासन का कहना है कि हेमकुंड साहिब और बदरीनाथ यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है और किसी प्रकार की सांप्रदायिक तनाव की स्थिति नहीं है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि प्रशासन और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य है और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है। हालांकि नगरासू गुरुद्वारे में लंगर लेने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी दर्ज की गई है।

कर्णप्रयाग विवाद के बाद बढ़ी सतर्कता

गौरतलब है कि 16 जून को कर्णप्रयाग बाजार में हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग सिखों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान तलवारबाजी भी हुई, जिसमें कुछ स्थानीय लोग घायल हो गए थे। मामले में पुलिस ने अब दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस मुख्यालय में सिख प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के बाद मामले की जांच चमोली पुलिस से हरिद्वार पुलिस को स्थानांतरित कर दी गई है। जांच अब एसएसपी हरिद्वार नवनीत भुल्लर की निगरानी में की जाएगी।

दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

हेमकुंड यात्रा के दौरान निहंगों के साथ कथित मारपीट और गिरफ्तारी के मामले को लेकर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का प्रतिनिधिमंडल भी डीजीपी दीपम सेठ से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

नगरासू बाजार में कारोबार प्रभावित

विवाद के बाद नगरासू बाजार में कारोबार पर असर देखने को मिला है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार बीते कुछ दिनों से श्रद्धालुओं की आवाजाही में कमी आई है। होटल, लॉज और भोजनालयों में भी पहले की तुलना में कम भीड़ देखी जा रही है। हालांकि यात्रा मार्ग खुला है और श्रद्धालु लगातार हेमकुंड साहिब एवं बदरीनाथ धाम पहुंच रहे हैं।

गुरुद्वारा परिसर में सुरक्षा बढ़ाई गई

स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए गुरुद्वारा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस एवं आईटीबीपी के जवान तैनात किए गए हैं। अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, सीओ विकास पुंडीर, एसडीएम रुद्रप्रयाग और एसडीएम ऊखीमठ लगातार मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

शासन ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

नगरासू प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए शासन ने पुलिस मुख्यालय से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। सचिव गृह शैलेश बगोली ने कहा कि घटना की शुरुआत से अब तक के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। साथ ही मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि स्थानीय स्तर पर शांति बनी हुई है और सभी पक्षों से संवाद कर जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं श्रद्धालुओं से भी अफवाहों पर ध्यान न देने और शांतिपूर्ण तरीके से यात्रा जारी रखने की अपील की गई है।

Spread the love
error: Content is protected !!