पेट्रोल पंप के पास लड़ाई-झगड़ा, शोर-शराबा और कांवड़ियों से अभद्रता का आरोप; पुलिस के सामने भी तेवर नहीं हुए ठंडे तो धारा 170 बीएनएसएस में हुई कार्रवाई

 

सेलाकुई/देहरादून। कांवड़ यात्रा के बीच सेलाकुई बाजार में कथित तौर पर हुड़दंग मचा रहे दो युवकों पर पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है। आरोप है कि पेट्रोल पंप के पास दोनों युवक सड़क पर सरेआम लड़ाई-झगड़ा और शोर-शराबा करने के साथ कांवड़ियों से भी अभद्र व्यवहार कर रहे थे। मामला इतना बढ़ा कि सूचना मिलते ही सेलाकुई पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।

 

पुलिस के मुताबिक मौके पर पहुंची टीम ने पहले दोनों युवकों को समझाकर शांत कराने की कोशिश की, लेकिन मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ता चला गया। आरोप है कि दोनों अत्यधिक उग्र होकर सड़क पर शोर-शराबा करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए। कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़भाड़ वाले बाजार में हालात बिगड़ने और किसी संज्ञेय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दोनों को काबू में कर लिया।

 

पुलिस ने अखिलेश शुक्ला (21) पुत्र प्रेम किशोर शुक्ला और विमल (20) पुत्र कौशल किशोर को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। दोनों मूल रूप से ग्राम ढकिया जाट, थाना मितौली, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और वर्तमान में छोटा रामपुर, बड़ी मस्जिद के पास, सहसपुर में रह रहे हैं।

 

पुलिस का कहना है कि समय रहते दोनों को नहीं रोका जाता तो किसी संज्ञेय घटना की आशंका बनी हुई थी। दोनों को नियमानुसार परगना मजिस्ट्रेट विकासनगर के समक्ष पेश किया जा रहा है।

 

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, कांस्टेबल वीर सिंह और कांस्टेबल इरशाद शामिल रहे।

 

कांवड़ यात्रा के बीच सेलाकुई बाजार में बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस का एक्शन—पहले समझाया, फिर चेताया और जब नहीं माने तो दोनों को पकड़कर सीधे कानूनी शिकंजे में ले लिया।

Spread the love
error: Content is protected !!