देहरादून में बंद बॉयज हॉस्टल से लाखों का सामान चुराने वाले गैंग को पुलिस ने गिरफ्तार किया.

देहरादून: प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिधौली स्थित दुआ बॉयज हॉस्टल में हुई चोरी की घटना का थाना प्रेमनगर पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चार लकड़ी के बेड और दो लोहे की अलमारियां बरामद की गई हैं. पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी नशे का आदी है और कर्ज चुकाने के साथ जल्द पैसा कमाने के लालच में उसने साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी. मामले में एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

देहरादून में बॉलीवुड फिल्म ‘ओए लकी लकी ओए’ के सुपर चोर की तर्ज पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया. बिधौली क्षेत्र के अधिवक्ता रजत दुआ का एक हॉस्टल है, जो लंबे समय से बंद पड़ा है. घटना के समय हॉस्टल का केयरटेकर भी छुट्टी पर था. इसी का फायदा उठाकर एक शातिर गैंग ने 4 से 7 अक्टूबर के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने दिनदहाड़े गाड़ियां लगाकर हॉस्टल से सामान ढोना शुरू किया. जब पड़ोसियों ने तोड़फोड़ और सामान ले जाने का कारण पूछा तो बड़ी चालाकी से खुद को नया मालिक बताया. अपने दावे को पुख्ता करने के लिए चोरों ने हॉस्टल की खरीद फरोख्त का एक फर्जी एग्रीमेंट भी दिखाया. जिससे किसी को शक नहीं हुआ.

उसके बाद जब रजत दुआ हॉस्टल देखने पहुंचे तो 30 कमरों के इस बड़े हॉस्टल से 70 बेड, 32 गीजर, 35 अलमारियां, दो डीप फ्रीजर और 6 सिलेंडर गायब मिले. साथ ही चोरों ने 20 दरवाजे, सभी खिड़कियों के चैनल और बाथरूम की टोटियां और शावर तक चोरी कर ले गए.

सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़े गए आरोपी: पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को हॉस्टल संचालक रजत दुआ ने हॉस्टल से लकड़ी के बेड, अलमारी और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर प्रेमनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई.

टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की. इसी दौरान 11 अक्टूबर को पुलिस ने कांसवाली रोड, तल्ली कंडोली-बिधौली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान चार आरोपियों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू, जोगेंद्र कुमार, सचिन कुमार और असलम के रूप में हुई है.

बंद हॉस्टल की रेकी कर बनाई थी योजना: पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी आदित्य शर्मा ने बताया कि, वह नशे का आदी है और उसने कई लोगों से उधार ले रखा था. कर्ज चुकाने के लिए उसने बिधौली क्षेत्र में बंद पड़े दुआ बॉयज हॉस्टल को निशाना बनाने की योजना बनाई. आरोपी ने पहले हॉस्टल की रेकी की. अंदर रखे बेड, अलमारियां, गीजर, जिम का सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण देखकर चोरी की योजना बनाई. इसके बाद उसने अपने साथियों जोगेंद्र और सचिन को भी योजना में शामिल किया.

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हॉस्टल का ताला तोड़कर वहां से सामान चोरी किया और बेड और अलमारियां असलम नाम के कबाड़ी को बेच दीं. अन्य सामान एक दूसरे कबाड़ी के पास ले जाने की बात भी सामने आई है. साथ ही आरोपी बचे हुए चोरी के सामान को बेचने की फिराक में थे. लेकिन इससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार लकड़ी के बेड और दो लोहे की अलमारियां बरामद की हैं. पूछताछ में घटना में शामिल एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.

-गिरीश नेगी, प्रेमनगर थाना प्रभारी-

Spread the love
error: Content is protected !!