देहरादून। उत्तराखण्ड में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। उत्तराखण्ड STF, पंजाब पुलिस और ऊधमसिंहनगर पुलिस के संयुक्त अभियान में पंजाब के एक वांछित अपराधी को बाजपुर से गिरफ्तार किया गया है।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईशानप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी पंजाब में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसे बाजपुर के केशवनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

 

एसएसपी STF के अनुसार 23 मई 2026 को अमृतसर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और बीएसएफ द्वारा संयुक्त छापेमारी के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। उसके घर की तलाशी में 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद हथियार और मादक पदार्थ पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के माध्यम से भारत पहुंचाए गए थे। घटना के बाद से पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं।

 

उत्तराखण्ड STF को पंजाब पुलिस से आरोपी के ऊधमसिंहनगर में छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर संयुक्त ऑपरेशन चलाकर उसे गिरफ्तार किया गया।

 

एसएसपी STF ने कहा कि मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखण्ड” विजन के अनुरूप राज्य में शरण लेने वाले बाहरी राज्यों के अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि उत्तराखण्ड को अपराधियों की सुरक्षित पनाहगाह न बनने दिया जाए।

Spread the love
error: Content is protected !!