केदारनाथ यात्रा मार्ग स्थित गौरीकुंड क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गौरीकुंड घोड़ा पड़ाव के नीचे मंदाकिनी नदी के बीचों-बीच एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत एजेंसियों में अफरा-तफरी मच गई।
सैक्टर मजिस्ट्रेट गौरीकुंड द्वारा मिली सूचना पर तत्काल डीडीआरएफ और वाईएमएफ की टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव और जोखिम भरे हालात के बीच रेस्क्यू टीम ने साहसिक अभियान चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला और उसे पीएचसी गौरीकुंड की मोर्चरी तक पहुंचाया। इसके बाद शव को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को सुरक्षित रूप से पीएचसी गौरीकुंड की मोर्चरी में रखा गया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
