पुलिस चौकी से चंद कदम दूर डंपर ने पिता-पुत्री को रौंदा, बेटी की मौत! हल्दूचौड़ में नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, पिता गंभीर, ओवरस्पीड और मानकविहीन कटों पर फिर उठे सवाल!
पुलिस चौकी से चंद कदम दूर डंपर ने पिता-पुत्री को रौंदा, बेटी की मौत!
हल्दूचौड़ में नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, पिता गंभीर, ओवरस्पीड और मानकविहीन कटों पर फिर उठे सवाल!
हल्दूचौड़, Haldwani नेशनल हाईवे पर गुरुवार को फिर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दोपहिया वाहन सवार पिता-पुत्री डंपर की चपेट में आ गए। हादसे में पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दोनों किच्छा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार पिता-पुत्री दोपहिया वाहन से हल्द्वानी की ओर से किच्छा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गायत्री शक्तिपीठ के पास पीछे से आ रहे डंपर ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतका और घायल की पहचान तथा हादसे के अन्य विवरणों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
हल्दूचौड़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के साथ कई स्थानों पर मानकविहीन कट और विपरीत दिशा से आने-जाने वाले वाहनों की समस्या बनी हुई है। यही स्थितियां दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ा रही हैं।
गुरुवार का हादसा पुलिस चौकी से महज चंद कदम की दूरी पर हुआ। ऐसे में स्थानीय लोगों ने हाईवे पर यातायात नियंत्रण, अवैध या मानकविहीन कटों की निगरानी और भारी वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसों के बाद कार्रवाई तक सीमित रहने के बजाय हाईवे के दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाने की जरूरत है, ताकि एक और परिवार सड़क हादसे का शिकार न बने।
