उत्तराखंड:प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं में सेंध लगाने वाले हाईटेक नकल गिरोह पर एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। देहरादून में चल रही इस कार्रवाई ने ऑनलाइन परीक्षाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसटीएफ के मुताबिक आरोपी आधुनिक तकनीक के जरिए परीक्षा केंद्रों का नेटवर्क तैयार कर नकल कराने में सक्रिय था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईश्वरी प्रसाद उर्फ इन्द्रजीत शर्मा उर्फ इन्दर पुत्र मदनलाल शर्मा निवासी शिवराम पार्क, नागलोई, थाना निहाल विहार, दिल्ली के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने परीक्षा केंद्र में सर्वर रूम, परीक्षा लैब और अंडरग्राउंड चैंबर तक तैयार किया था, जहां से बाहर बैठे सॉल्वर सिस्टम का रिमोट एक्सेस लेकर अभ्यर्थियों को नकल करा सकें।
आरोपी दिल्ली में इलेक्ट्रिकल और नेटवर्किंग का काम करता था और तकनीकी सेटअप तैयार करने में माहिर है।
पुलिस कप्तान एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार गिरोह ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों में गुप्त नेटवर्क बनाकर ब्लूटूथ डिवाइस और इंटरनेट राउटर के जरिए पेपर सॉल्व कराने का काम करता था। इस मामले में पहले भी गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
एसटीएफ ने आरोपी के पास से एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, 14 मिनी ब्लूटूथ डिवाइस, 20 बैटरियां, दो इंटरनेट राउटर और एक फर्जी आईडी कार्ड बरामद किया है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि कुछ परीक्षा केंद्रों के सर्वर सिस्टम भी प्रभावित किए गए हैं।
आगामी 18 मई को होने वाली एसएससी कांस्टेबल जीडी ऑनलाइन परीक्षा के लिए भी सैंट जोन्स एकेडमी केंद्र बनाया गया था, जिसके बाद एसटीएफ ने तुरंत स्टाफ सिलेक्शन कमीशन को अलर्ट भेज दिया।
एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता से खिलवाड़ करने वाले ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं पुलिस को आरोपी से कई और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में इस हाईटेक नकल नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
