ऋषिकेश: योग नगरी रेलवे स्टेशन के पास खांड गांव क्षेत्र में मंगलवार रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। मेंटेनेंस यार्ड में खड़ी उज्जैन एक्सप्रेस के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। गनीमत रही कि हादसे के वक्त ट्रेन में कोई यात्री सवार नहीं था, वरना जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था।

रात 9:30 बजे हुआ हादसा

घटना रात करीब 9:30 बजे की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रेलवे यार्ड में उज्जैन एक्सप्रेस का मेंटेनेंस कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक ब्रेक फेल होने से ट्रेन अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गई और S-3, S-4, S-5 कोच पटरी से उतर गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े।

ट्रैक पर जुटी भीड़, GRP ने संभाला मोर्चा

हादसे की खबर फैलते ही खांड गांव और आसपास के इलाकों से सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। ट्रैक के चारों ओर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिस ने लोगों को ट्रैक से दूर कर सुरक्षा घेरा बनाया ताकि राहत कार्य में बाधा न आए।

ढाई घंटे तक नहीं पहुंचे अफसर, भड़के लोग

स्थानीय लोगों ने रेलवे की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के करीब ढाई घंटे बाद तक रेलवे का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों ने कहा कि अगर ट्रेन में यात्री होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

ब्रेक फेल या साजिश? जांच शुरू

रेलवे अधिकारियों ने शुरुआती तौर पर ब्रेक फेल होने की बात कही है। वहीं स्थानीय लोगों ने पूरी घटना को संदिग्ध बताया है। उनका कहना है कि बिना इंजन स्टार्ट हुए और बिना यात्री के ट्रेन कैसे मूव हुई? सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों हुई?

रेलवे ने तकनीकी टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है। मुरादाबाद मंडल से भी अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। DRMO ने बताया कि मेंटेनेंस स्टाफ के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। ब्लैक बॉक्स और CCTV फुटेज भी खंगाली जाएगी।

उच्चस्तरीय जांच की मांग

घटना के बाद क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पार्षद विनय उनियाल ने कहा कि योग नगरी टर्मिनल स्टेशन है और यहां सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए ताकि असली कारण सामने आएं।

यातायात प्रभावित नहीं

रेलवे प्रवक्ता ने बताया कि हादसा यार्ड लाइन पर हुआ है, इसलिए मेन लाइन पर ट्रेनों का संचालन सामान्य है। किसी भी ट्रेन को रद्द या डायवर्ट नहीं किया गया है। डिब्बों को पटरी पर लाने के लिए हरिद्वार से दुर्घटना राहत ट्रेन मंगाई गई है। काम जारी है।

Spread the love
error: Content is protected !!