अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में कॉर्बेट से सटे मरचूला क्षेत्र में एक अनोखी लेकिन विवादित घटना सामने आई है। यहां रामगंगा और बदनगढ़ नदियों के संगम पर स्थित पुराने श्मशान घाट में डेस्टिनेशन वेडिंग के तहत शादी की रस्में निभाई गईं। घाट पर भव्य सजावट कर जयमाला की रस्म पूरी की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई है।

संगम की लोकेशन पसंद आई, घाट पर हुई रस्में

जानकारी के अनुसार, डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए कुछ पर्यटक कॉर्बेट से सटे इलाके में लोकेशन तलाश रहे थे। पास में स्थित एक रिजॉर्ट के निकट दो नदियों के संगम की लोकेशन उन्हें पसंद आ गई। यह स्थान मरचूला और आसपास के गांवों का पुराना श्मशान घाट है, जहां शवदाह किया जाता है और प्रतीक्षालय भी बना हुआ है।

रिजॉर्ट प्रबंधक राकेश शर्मा के मुताबिक, पर्यटकों को पहले ही बताया गया था कि यह स्थान श्मशान घाट है, लेकिन उन्होंने इसकी परवाह नहीं की। रविवार को घाट पर जयमाला समेत कुछ शादी की रस्में संपन्न कराई गईं।

वीडियो वायरल, स्थानीय लोगों में आक्रोश

घाट पर आयोजित शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही स्थानीय लोगों ने इसे धार्मिक मर्यादाओं और आस्था के खिलाफ बताया। लोगों का कहना है कि जहां अंतिम संस्कार किए जाते हैं, वहां मांगलिक कार्य करना पूरी तरह अनुचित है।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नदी किनारे स्थित घाटों पर मांगलिक कार्य वर्जित होते हैं। ऐसे में श्मशान घाट पर शादी की रस्म निभाना उचित नहीं है। स्थानीय निवासियों ने इसे संस्कृति और आस्था के प्रति असंवेदनशीलता बताया है।

प्रशासन ने दिए जांच के संकेत

तहसीलदार सल्ट आबिद अली ने कहा कि शवदाह स्थल सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार का आयोजन नहीं किया जा सकता। प्रशासन को इस संबंध में फिलहाल कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है, लेकिन यदि मामला सामने आता है तो जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

वेडिंग डेस्टिनेशन नीति पर सवाल

गौरतलब है कि राज्य सरकार उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वेडिंग डेस्टिनेशन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयासरत है। हालांकि, मरचूला की इस घटना ने ऐसे आयोजनों की निगरानी और संवेदनशील स्थानों पर नियमों के पालन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Spread the love
error: Content is protected !!