अल्मोड़ा | उत्तराखंड के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में उस समय हड़कंप मच गया जब एक उच्च प्रशासनिक अधिकारी के गनर के गर्भगृह में असलहा लेकर प्रवेश करने का मामला सामने आया। इस घटना को लेकर मंदिर के पुजारियों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।

यूपी के डीएम के दौरे के दौरान हुई घटना

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बरेली से आए जिलाधिकारी अविनाश सिंह अपनी पत्नी के साथ सोमवार को पूजा-अर्चना के लिए जागेश्वर धाम पहुंचे थे। इसी दौरान उनके सुरक्षा गनर द्वारा कार्बाइन लेकर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर लिया गया।

मंदिर परिसर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधीन संरक्षित स्थल है, जहां सुरक्षा नियमों के तहत गर्भगृह में हथियार ले जाना प्रतिबंधित है।

पुजारियों ने जताई कड़ी नाराजगी

घटना की तस्वीर सामने आने के बाद मंदिर के पुजारियों ने कड़ी आपत्ति जताई। पंडित नवीन चंद्र भट्ट, मनोज भट्ट, पूरन भट्ट, मुकेश भट्ट, गोपाल भट्ट और अन्य पुजारियों ने इसे धार्मिक मर्यादा और आस्था के खिलाफ बताया।

पुजारियों का कहना है कि न केवल असलहा, बल्कि मोबाइल से फोटो और रील्स बनाना भी मंदिर की पवित्रता का उल्लंघन है। उन्होंने इसे सुरक्षा नियमों की गंभीर अनदेखी बताया।

प्रशासन ने जताया खेद

मामले पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि यह घटना अनजाने में हुई चूक का परिणाम है और उन्हें इस पर खेद है।

ASI ने लगाए चेतावनी बोर्ड

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के सहायक संरक्षक नीरज मैठाणी ने स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर में असलहा ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। घटना के बाद प्रवेश द्वार पर चेतावनी बोर्ड लगा दिए गए हैं और आगे ऐसी घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

Spread the love
error: Content is protected !!