देहरादून: देहरादून के हर्रावाला क्षेत्र में 30 वर्षीय सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला चर्चा में है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर उनका एक कथित वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए भावुक नजर आ रही हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, श्रीनगर (गढ़वाल) में तैनात शिक्षिका सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत सौरभ खत्री से हुई थी। बुधवार को उन्हें गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप
मृतका की मां सीमा कंडारी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। शिकायत में पति, सास और ननद पर लगातार अपमानित करने और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
हर्रावाला पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कुछ साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में आत्महत्या, कथित दहेज प्रताड़ना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को शामिल किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
देहरादून में एक अन्य मामले में पूर्व बैंक मैनेजर का शव मिला
उधर, देहरादून के राजपुर क्षेत्र में एक अन्य घटना में पूर्व बैंक मैनेजर अखिल सिन्हा का शव उनके किराये के कमरे से बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला बीमारी और अवसाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
