रुद्रप्रयाग | “जय बाबा केदार” के जयकारों के बीच आज केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण के साक्षी बने।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धाम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, श्रद्धालुओं से किए पांच संकल्प अपनाने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा भारत की आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है।
उन्होंने एक्स (X) पर संदेश साझा करते हुए बाबा केदार से सभी पर कृपा बनाए रखने और यात्रा को मंगलमय बनाने की प्रार्थना की।
पीएम मोदी के पांच संकल्प
प्रधानमंत्री ने श्रद्धालुओं से निम्नलिखित पांच संकल्प अपनाने की अपील की—
स्वच्छता बनाए रखना
पर्यावरण संरक्षण
सेवा और सहयोग की भावना
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना
यात्रा नियमों का पालन करना
उन्होंने यात्रियों से डिजिटल उपवास रखने और उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता को महसूस करने की भी सलाह दी।
चारधाम यात्रा का क्रम जारी
गौरतलब है कि गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खोल दिए गए थे, जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे।
आस्था और संस्कृति का दिव्य उत्सव
प्रधानमंत्री ने कहा कि केदारनाथ और चारधाम यात्रा हमारी सनातन संस्कृति का दिव्य उत्सव है, जो “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना का भी प्रतीक है।
