देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पटेल नगर थाना क्षेत्र के विद्या विहार फेज-2 में एक युवक का शव उसके घर के कमरे में पाया गया। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान आकाश (27) के रूप में हुई है।
पुलिस को प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक के परिजन करीब पांच दिन पहले किसी काम से अपने पैतृक गांव टिहरी गए हुए थे। इस दौरान आकाश अकेला घर पर था। रविवार को जब परिजन गांव से लौटे, उन्होंने बेटे के घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। खिड़की से झांकने पर युवक को कमरे में जमीन पर पड़ा देखा गया।
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव लगभग चार-पाँच दिन पुराना था और प्रारंभिक जांच में युवक की मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल घटना की पूरी तरह से जांच जारी है। मृतक के माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
