देहरादून: देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस में महिला के पूर्व पति को ही आरोपी पाया गया है, जिसने गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को कट्टे में भरकर जंगल में फेंक दिया था।

19 मार्च 2026 को थाना प्रेमनगर पुलिस ने एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में इस मामले का पर्दाफाश किया। दरअसल, 11 मार्च को बालासुंदरी मंदिर परिसर के पास एक अज्ञात महिला का शव सफेद कट्टे में बरामद हुआ था। शव 4-5 दिन पुराना था और चेहरा खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी।

5000 लोगों के सत्यापन से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 8 टीमों का गठन किया और करीब 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने 30 से अधिक झुग्गी-बस्तियों में सघन सत्यापन अभियान चलाया और 5000 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस को कॉसवाली कोठरी क्षेत्र में एक मजदूर के बारे में जानकारी मिली, जिसकी पत्नी अचानक लापता थी। संदिग्ध रंजीत शर्मा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।

हत्या की वजह

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रंजीत शर्मा की पहली पत्नी रूपा, जो पहले उसे छोड़कर दूसरे व्यक्ति के साथ चली गई थी, एक साल पहले फिर उसके संपर्क में आई। फरवरी 2026 में वह अपनी 11 माह की बच्ची के साथ देहरादून पहुंची और आरोपी पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी।

5 मार्च की रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने रूपा का गला दबाकर हत्या कर दी।

ऐसे लगाया शव को ठिकाने

हत्या के बाद आरोपी ने शव को कट्टे में भरकर कमरे में छिपा दिया और चार दिन तक मौके का इंतजार करता रहा। 8 मार्च को अपनी दूसरी पत्नी के आने पर बच्ची को उसके पास छोड़कर शव को मोटरसाइकिल से ले जाकर शीतला माता मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया।

पुलिस की मेहनत लाई रंग

महिला की पहचान न होने के बावजूद पुलिस ने खुद वादी बनकर मामले की जांच जारी रखी। लगातार प्रयास, 5000 लोगों के सत्यापन और तकनीकी जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

गिरफ्तार आरोपी:

रंजीत शर्मा (32 वर्ष), निवासी सहरसा, बिहार

वर्तमान निवासी: भाटोवाला, देहरादून

मृतका:

रूपा (32 वर्ष), निवासी सहरसा, बिहार

पुलिस टीम को इनाम:

घटना का खुलासा करने वाली टीम को

आईजी गढ़वाल द्वारा ₹5000

एसएसपी देहरादून द्वारा ₹2500

का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

Spread the love
error: Content is protected !!