ऋषिकेश: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता सतपाल महाराज की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर AIIMS ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन एहतियातन उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज एक महत्वपूर्ण बैठक के सिलसिले में पहाड़ी क्षेत्र में गए हुए थे, जहां उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर ऋषिकेश लाया गया।
डॉक्टरों ने दिया हेल्थ अपडेट
AIIMS ऋषिकेश के चिकित्सा अधीक्षक सत्याश्री बालीचा ने बताया कि मंत्री को एहतियातन ICU में भर्ती किया गया है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। जांच रिपोर्ट सामान्य हैं और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
डॉक्टरों के अनुसार, सतपाल महाराज सामान्य रूप से भोजन कर रहे हैं, चल-फिर रहे हैं और बातचीत भी कर रहे हैं, जो राहत की बात है।
सीएम धामी पहुंचे अस्पताल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अस्पताल पहुंचकर मंत्री का हाल-चाल जाना और डॉक्टरों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
